दुर्ग में कोहराम! एक ही घर से उठी चार अर्थियां

Durg में आर्य नगर निवासी गोविंद साहू और उनकी पत्नी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इस दर्दनाक घटना में दंपति ने पहले अपने दोनों बच्चों की भी हत्या कर दी, फिर खुद फांसी के फंदे पर झूल गए।

मौके से मिले सुसाइड नोट में आर्थिक तंगी और पारिवारिक विवाद को इस कदम की बड़ी वजह बताया है। नोट में लिखा गया कि वे पैसों की परेशानी से काफी समय से तनाव में थे। बच्चों के बारे में उन्होंने लिखा कि “हम ही उन्हें इस दुनिया में लाए हैं, इसलिए हम ही उन्हें अपने साथ ले जा रहे हैं।” बताया जा रहा है कि पत्नी ने नोट में पति के साथ चल रहे विवाद का भी उल्लेख किया है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी ने फांसी लगाने से पहले बच्चों के मुंह में कपड़ा ठूंसकर उनका गला दबाया था। पुलिस को शक है कि पूरी वारदात देर रात की है। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसके बाद मौत की असली वजह और स्थिति साफ हो सकेगी।

बताया जा रहा है कि परिवार कुछ दिन पहले तिरुपति बालाजी और फिर पुरी में भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर लौटा था। घर आने के बाद रात में सभी ने साथ खाना खाया। बच्चों को आइसक्रीम और मिठाई खिलाने के बाद पूरा परिवार कमरे में सोने चला गया।

सुबह काफी देर तक कोई बाहर नहीं आया तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा खोला गया। कमरे का दृश्य देखकर परिवार के लोग सदमे में आ गए। दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े थे, जबकि पति-पत्नी नई प्लास्टिक की रस्सी से पंखे पर लटके मिले।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आत्महत्या के पीछे की पूरी वजह जानने की कोशिश कर रही है।

और नया पुराने