दूसरी बार टलेगी शादी? रिंकू सिंह के घर मातम से बदला माहौल

भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के घर इस समय खुशियों की जगह मातम पसरा हुआ है। जून में जिनके घर शहनाई बजने वाली थी, वहां अब पिता के निधन से गहरा शोक छा गया है। ऐसे में चर्चा है कि रिंकू और प्रिया सरोज की शादी की तारीख आगे बढ़ाई जा सकती है।

दरअसल, 27 फरवरी की सुबह रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल में निधन हो गया। वह गंभीर रूप से बीमार थे और वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखे गए थे। उनकी तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। पिता की हालत की खबर मिलते ही रिंकू, जो टी-20 विश्वकप के दौरान टीम के साथ थे, प्रैक्टिस सेशन छोड़कर तुरंत घर लौट आए थे।

जून में होनी थी शादी

रिंकू सिंह और मछलीशहर की प्रिया सरोज की शादी जून में प्रस्तावित थी। परिवार में तैयारियां भी शुरू हो चुकी थीं। दोनों की सगाई पिछले साल 8 जून को लखनऊ के एक होटल में करीबी रिश्तेदारों और परिवार की मौजूदगी में हुई थी।

इससे पहले 18 नवंबर 2025 की तारीख शादी के लिए तय की गई थी, लेकिन आईपीएल और अन्य क्रिकेट व्यस्तताओं के चलते कार्यक्रम टाल दिया गया था। अब पिता के निधन के बाद एक बार फिर शादी की तारीख बदलने की संभावना जताई जा रही है।

संघर्षों से भरा रहा परिवार का सफर

रिंकू सिंह का परिवार मूल रूप से बुलंदशहर जिले के दानपुर गांव का रहने वाला है। करीब 25 साल पहले उनके पिता रोजगार की तलाश में अलीगढ़ आकर बस गए थे।

अलीगढ़ में बेहद साधारण हालात में रिंकू का बचपन बीता। उनके पिता गैस एजेंसी में घर-घर सिलेंडर पहुंचाने का काम करते थे। आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने बेटे के सपनों को कभी टूटने नहीं दिया।

पिता का रहा अहम योगदान

रिंकू सिंह की सफलता के पीछे उनके पिता का बड़ा योगदान माना जाता है। संघर्ष के दिनों में उन्होंने हर कदम पर बेटे का हौसला बढ़ाया। आज रिंकू अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और मैच जिताऊ पारियों के लिए पहचाने जाते हैं, लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने में उनके पिता का त्याग और समर्थन सबसे बड़ी ताकत रहा।

और नया पुराने