आतिशी मार्लेना पर बीजेपी का आरोप: बस कर्मियों को गुमराह किया

Delhi : आज बस मार्शल का मुद्दा फिर से चर्चा में है। इस पर आम आदमी पार्टी और बीजेपी के बीच विवाद तेज हो गया। दिल्ली बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना पर निशाना साधते हुए कहा कि वे बस कर्मियों को गुमराह करना बंद करें और उनकी सेवाओं को नियमित करने के लिए बनाए गए प्रशासनिक प्रस्ताव को सार्वजनिक करें। सचदेवा ने आरोप लगाया कि आतिशी ने विधानसभा की बैठक में लंबा भाषण दिया, लेकिन बस मार्शलों और सिविल डिफेंस कर्मियों की ड्यूटी नियमित करने पर कुछ नहीं कहा।

सचदेवा ने कहा कि यह दुखद है कि आतिशी ने भी अपनी पार्टी के अन्य नेताओं की तरह विधानसभा का उपयोग जनता, खासकर बस मार्शलों को गुमराह करने के लिए किया। उन्होंने बताया कि अक्टूबर में उपराज्यपाल ने निर्देश दिया था कि सिविल डिफेंस कर्मियों को 4 महीने के लिए प्रदूषण नियंत्रण ड्यूटी पर लगाया जाए और इस दौरान दिल्ली सरकार उनकी सेवाएं नियमित करने का प्रस्ताव तैयार करे।

सचदेवा का कहना है कि सिविल डिफेंस कर्मियों का डीटीसी में बस मार्शल के रूप में काम करते समय 10 महीने का वेतन बकाया है। उपराज्यपाल ने प्रदूषण नियंत्रण ड्यूटी इसलिए दी ताकि उनका वेतन प्रदूषण विभाग के फंड से दिया जा सके। लेकिन अब इन कर्मियों ने दिल्ली सरकार पर विश्वास खो दिया है और बार-बार कहने के बावजूद ड्यूटी जॉइन नहीं कर रहे।

सचदेवा ने अंत में कहा कि मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना जानती हैं कि उनकी सरकार जल्द ही जाने वाली है, इसलिए वे बस मार्शलों या किसी अन्य कांट्रैक्ट कर्मी को स्थायी करने के लिए कोई कदम नहीं उठा रही हैं।

और नया पुराने